जम्मू-श्रीनगर क्षेत्र में सैकड़ों एकड़ में लहलहा रही धान की फसल...
गौरव शेलार/ श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर और आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों सैकड़ों एकड़ भूमि पर धान की खेती जोरों पर है। हरियाली से लहलहाते खेतों ने पूरी घाटी को मनमोहक रूप दे दिया है। ऊंचे पहाड़, स्वच्छ जलधाराएं और प्राकृतिक सुंदरता के बीच फैले धान के खेत पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
कश्मीर घाटी में धान प्रमुख खाद्यान्न फसल मानी जाती है। इस वर्ष भी किसानों ने बड़े पैमाने पर धान की रोपाई की है। अनेक गांवों में किसान पारंपरिक तरीके से धान की रोपाई करते नजर आ रहे हैं। हरे-भरे खेतों से ग्रामीण क्षेत्रों की सुंदरता और भी निखर गई है।
श्रीनगर आने वाले पर्यटक केवल डल झील, गुलमर्ग और पहलगाम ही नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में फैले धान के खेतों का भी आनंद ले रहे हैं तथा वहां फोटोग्राफी कर रहे हैं। इससे कृषि पर्यटन को भी नई पहचान मिल रही है। हालांकि विशेषज्ञों ने दीर्घकाल में कश्मीर में धान की खेती का क्षेत्र घटने पर चिंता जताई है, लेकिन इस वर्ष अनेक क्षेत्रों में धान की खेती उत्साहपूर्वक की जा रही है।



No comments